पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, 62 राउंड चली गोलियां: एक बदमाश के पैर में लगी गोली; SI और थानाध्यक्ष घायल, दो गिरफ्तार
पटना। बिहार की राजधानी पटना में रविवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना बिहटा थाना क्षेत्र के परेव में सोन नदी के पास की है। पुलिस और बदमाशों के बीच करीब 62 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी अनीश कुमार के पैर में गोली लगी। वहीं, कार्रवाई के दौरान बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार और सब-इंस्पेक्टर राजू कुमार सिंह समेत कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घायल अपराधी को इलाज के लिए PMCH रेफर किया गया है, जबकि घायल SI राजू कुमार सिंह का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
रंगदारी की सूचना पर पहुंची थी पुलिस टीम
पुलिस के मुताबिक, सोन नदी में नाविकों से रंगदारी वसूलने वाले अपराधियों की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया। पुलिस को पुल के पास एक नाव में कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए।
पुलिस टीम ने जब नाव पर मौजूद लोगों को रोकने की कोशिश की तो आरोप है कि अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। नदी के बीच कुछ देर तक दोनों ओर से लगातार गोलियां चलती रहीं।
पटना SSP कार्तिकेय शर्मा के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की तरफ से करीब 40 राउंड, जबकि पुलिस की ओर से लगभग 22 राउंड फायरिंग की गई। कुल मिलाकर 62 राउंड गोलियां चलीं।
एक बदमाश घायल, दो ने नदी में लगाई छलांग
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अनीश कुमार के पैर में गोली लगी। वहीं, कुछ अपराधी पुलिस से बचने के लिए नदी में कूदकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से पीयूष कुमार नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी के पकड़े जाने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में सोन नदी और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
हथियारों का जखीरा बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल और नाव के आसपास तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस के हाथ दो पिस्टल, एक राइफल, एक कार्बाइन और एक देसी कट्टा समेत कई हथियार लगे हैं। बरामद हथियारों की जांच की जा रही है।
SSP के मुताबिक, घायल अनीश कुमार के खिलाफ छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, पिछले साल भी इसी तरह की एक कार्रवाई के दौरान उसके पास से AK-47 बरामद हुई थी। उसे पुलिस की टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सोन नदी में रंगदारी वसूली का नेटवर्क कब से सक्रिय था और इसमें कितने लोग शामिल हैं। साथ ही फरार अपराधियों और गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

